मिशन शक्ति 5.0: कानपुर देहात पुलिस ने महिला सुरक्षा व अधिकारों को लेकर चलाया जागरूकता अभियान

संवाददाता, कानपुर देहात | दिनांक: 24 अप्रैल 2026

मिशन शक्ति 5.0 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत कानपुर देहात पुलिस द्वारा महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण और कानूनी अधिकारों को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात, श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद के विभिन्न बाजारों, सार्वजनिक स्थलों तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में आयोजित किया गया।

अभियान के दौरान सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा, आत्मरक्षा, कानूनी अधिकारों और अपराधों से बचाव के उपायों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों—181 (महिला हेल्पलाइन), 1090 (महिला शक्ति लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 112 (इमरजेंसी सेवा) और 1076 (पुलिस कंट्रोल रूम)—की जानकारी भी दी गई।

इसके अतिरिक्त पुलिस टीम द्वारा UPCOP ऐप के उपयोग के बारे में जागरूक करते हुए बताया गया कि इसके माध्यम से पुलिस सेवाओं का त्वरित लाभ लिया जा सकता है। साथ ही सोशल मीडिया पर बढ़ते साइबर अपराधों जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग और फर्जी प्रोफाइल/खातों से होने वाली धोखाधड़ी से बचाव के व्यावहारिक उपाय भी बताए गए।

महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए पॉक्सो एक्ट (बाल यौन शोषण से संरक्षण), दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम से संबंधित महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी दी गई।

पुलिस विभाग ने बताया कि मिशन शक्ति 5.0 के तहत यह अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करना है। साथ ही समाज में महिलाओं को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति को मजबूत करना है।

कानपुर देहात पुलिस ने सभी महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा या आपात स्थिति में तुरंत निकटतम पुलिस थाने या हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें, ताकि समय रहते सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *