संवाददाता | उरई/जालौन
होमगार्ड्स इनरोलमेंट–2025 परीक्षा को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आचार्य नरेन्द्र देव इंटर कॉलेज, आर्य कन्या इंटर कॉलेज, डीएवी इंटर कॉलेज, दयानंद वैदिक महाविद्यालय, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, सनातन धर्म इंटर कॉलेज, सर्वोदय इंटर कॉलेज तथा गांधी इंटर कॉलेज में सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था, परीक्षार्थियों की बैठने की योजना एवं सुरक्षा इंतजामों की गहन जांच की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों के लिए पेयजल, छाया एवं शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही सभी अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग, फ्रिस्किंग तथा सीसीटीवी निगरानी के मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए।
यह परीक्षा 25, 26 एवं 27 अप्रैल 2026 को आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक संचालित होगी। जनपद में कुल 9 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूर्ण सजगता एवं ईमानदारी के साथ करें, ताकि परीक्षा को जनपद में निष्पक्ष और आदर्श रूप से संपन्न कराया जा सके।