संवाददाता, उरई/जालौन
जनपद में व्यापारियों एवं उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में जिला व्यापार बन्धु, उद्योग बन्धु एवं श्रम बन्धु की संयुक्त बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि व्यापार एवं उद्योग से संबंधित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे जनपद में बेहतर व्यावसायिक वातावरण विकसित हो सके।
बैठक के दौरान व्यापारियों ने मोनी मंदिर के सामने स्थित सब्जी मंडी क्षेत्र में जाम की समस्या प्रमुखता से उठाई। इस पर जिलाधिकारी ने नगर मजिस्ट्रेट, उप जिलाधिकारी एवं अधिशासी अधिकारी उरई को वैकल्पिक स्थान चिन्हित कर शीघ्र प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि यातायात व्यवस्था सुगम बनाई जा सके।
राठ रोड ओवरब्रिज से हाईवे तक सड़क की कम चौड़ाई से उत्पन्न समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि वित्तीय वर्ष की प्रथम तिमाही में सड़क चौड़ीकरण का कार्य प्रारंभ कराया जाए। साथ ही राठ रोड पर धान मिल से हाईवे तक नाले के निर्माण कार्य में देरी पर अधिशासी अधिकारी से स्पष्टीकरण तलब किया गया।
जनसुविधाओं को लेकर प्रशासन की तत्परता दर्शाते हुए एचडीएफसी बैंक के सामने स्थित सार्वजनिक शौचालय में ताला लगे रहने की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे संचालित कराया गया।
कालपी बाजार में अतिक्रमण की समस्या पर जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाते हुए उप जिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी को विशेष अभियान चलाकर बाजार को अतिक्रमण मुक्त कराने के निर्देश दिए। वहीं कालपी गल्ला मंडी में बालू के ट्रकों के खड़े होने से हो रही समस्या के समाधान हेतु ट्रकों के लिए पृथक होल्डिंग एरिया विकसित करने का प्रस्ताव स्वीकृति हेतु भेजा गया है।
शहर में प्रकाश व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए नगर पालिका को निर्देश दिए गए कि अभियान चलाकर सभी खराब स्ट्रीट लाइटों को शीघ्र ठीक कराया जाए और किसी भी क्षेत्र में अंधेरा न रहने पाए।
जिला उद्योग बन्धु की बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को उद्यमियों की समस्याओं के समाधान में गंभीरता बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि बैठक का उद्देश्य केवल समीक्षा नहीं, बल्कि समस्याओं का प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करना है। श्रम बन्धु से जुड़े विषयों पर भी चर्चा करते हुए श्रमिकों के हितों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी नेहा ब्याडवाल, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी, नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार, उपयुक्त सचिव जिला स्तरीय व्यापार बन्धु अमित यादव, उपयुक्त उद्योग धर्मेंद्र भास्कर, विद्युत विभाग एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी, व्यापारी एवं उद्यमी उपस्थित रहे।