उरई/जालौन।
महिला परिवार परामर्श केंद्र द्वारा वैचारिक मतभेद के कारण विवादों से जूझ रहे परिवारों की समस्याओं का निरंतर समाधान किया जा रहा है। इसी क्रम में काउंसलिंग के माध्यम से तीन परिवारों में आपसी समझौता कराकर उनके रिश्तों को टूटने से बचाया गया।
परामर्श केंद्र में महिला पुलिस अधिकारियों एवं नामित सदस्यों द्वारा पति-पत्नी और उनके परिजनों के बीच उत्पन्न विवादों को गंभीरता से सुना गया। इसके बाद दोनों पक्षों की काउंसलिंग कर उन्हें आपसी संवाद और समझ के महत्व के बारे में बताया गया।
काउंसलिंग के परिणामस्वरूप दोनों पक्षों ने भविष्य में आपसी विवाद न करने, पारिवारिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने और आपसी सामंजस्य के साथ जीवन यापन करने की सहमति जताई।
समझौते के बाद दंपत्ति को एक-दूसरे के प्रति सम्मान और सहयोग बनाए रखने की सलाह दी गई, ताकि वे अपने पारिवारिक दायित्वों का सही तरीके से निर्वहन करते हुए खुशहाल जीवन व्यतीत कर सकें।