कृषक समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ रहा जनपद, राज्यमंत्री कुलजीत सिंह ने की योजनाओं की सराहना

उरई/जालौन।
कृषक समृद्धि को लेकर जनपद में चल रहे प्रयासों की समीक्षा करते हुए प्रभारी राज्यमंत्री एवं सदस्य, कृषक समृद्धि आयोग उत्तर प्रदेश शासन, लखनऊ, कुलजीत सिंह ने विभागीय कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि जनपद में विभिन्न योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है, जिससे किसानों को समयबद्ध लाभ मिल रहा है।

कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान राज्यमंत्री ने कृषि एवं उससे जुड़े विभागों की प्रगति का विस्तृत अवलोकन किया। उन्होंने सहकारिता, पशुधन, मत्स्य, उद्यान, रेशम, ऊर्जा, सिंचाई, लघु सिंचाई, वन तथा खाद्य एवं रसद विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए संतोष व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में इन विभागों की योजनाएं अहम भूमिका निभा रही हैं। जनपद में इन योजनाओं का क्रियान्वयन एक सकारात्मक उदाहरण के रूप में सामने आ रहा है।

राज्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और गुणवत्ता बनाए रखते हुए अधिक से अधिक किसानों तक लाभ पहुंचाया जाए। साथ ही विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कृषि क्षेत्र में नवाचार और तकनीकी उपयोग को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

बैठक में अधिकारियों द्वारा अपने-अपने विभागों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई, जिस पर राज्यमंत्री ने आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कृषक समृद्धि के लक्ष्य को तेजी से आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) योगेंद्र सिंह, उप कृषि निदेशक एस.के. उत्तम, जिला उद्यान अधिकारी परवेज खान सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *