मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिला सुरक्षा जागरूकता अभियान, बाजारों व सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस की सक्रियता

संवाददाता
कानपुर देहात

मिशन शक्ति 5.0 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक, कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद की थाना पुलिस द्वारा व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।

इस दौरान बाजारों, सार्वजनिक स्थलों तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा, सशक्तिकरण और उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। अभियान के तहत सैकड़ों महिलाओं को अपराध से बचाव के उपायों और आत्मसुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

पुलिस टीम द्वारा महिला हेल्पलाइन 181, महिला शक्ति लाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, इमरजेंसी सेवा 112 एवं अन्य जरूरी नंबरों की जानकारी भी साझा की गई। साथ ही UPCOP ऐप के उपयोग के माध्यम से पुलिस सेवाओं का लाभ उठाने के बारे में बताया गया।

अभियान के दौरान साइबर अपराधों जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग और फर्जी प्रोफाइल के जरिए होने वाली ठगी से बचाव के उपाय भी समझाए गए। इसके अलावा POCSO एक्ट, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से संरक्षण अधिनियम एवं सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम जैसे महत्वपूर्ण कानूनों की जानकारी दी गई।

पुलिस द्वारा बताया गया कि मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना और अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति को मजबूत करना है।

अंत में पुलिस ने सभी महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत नजदीकी थाना या हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें, ताकि समय रहते आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *