कानपुर देहात।
जिलाधिकारी कपिल सिंह ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में जनसुनवाई करते हुए जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना।
इस दौरान जिलाधिकारी ने सभी प्रकरणों के त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्राप्त सभी प्रार्थना पत्रों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा के भीतर किया जाए और किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न होने पाए।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देशित किया कि शिकायतकर्ताओं को उनके प्रकरण की प्रगति और वर्तमान स्थिति की जानकारी समय-समय पर उपलब्ध कराई जाए, जिससे प्रशासन के प्रति जनसामान्य का विश्वास और मजबूत हो सके।
जनसुनवाई को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जनपद स्तर के सभी अधिकारी, उप जिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी और नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (ज़ूम) के माध्यम से जुड़े रहे।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई एवं आईजीआरएस से संबंधित मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए आमजन को त्वरित राहत प्रदान की जाए।