कानपुर देहात।
वर्षा एवं जलभराव से फसलों को होने वाले नुकसान की स्थिति में किसानों को समय पर मुआवजा दिलाने के लिए प्रशासन ने महत्वपूर्ण अपील जारी की है।
जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशन में उप निदेशक कृषि हरीशंकर भार्गव ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (रबी 2025-26) के अंतर्गत गेहूं, जौ, चना, लाही/सरसों आदि अधिसूचित फसलों का बीमा कराया गया है।
उन्होंने किसानों को सूचित किया कि यदि वर्षा या जलभराव के कारण फसल को नुकसान होता है, तो वे फसल बीमा कंपनी एचडीएफसी ईआरगो (HDFC ERGO) में 72 घंटे के भीतर टोल फ्री नंबर 14447 पर संपर्क कर अपनी शिकायत अवश्य दर्ज कराएं।
उन्होंने बताया कि समय से सूचना दर्ज होने पर संबंधित एजेंसियों द्वारा नुकसान का आकलन किया जाएगा और पात्र किसानों को नियमानुसार क्षतिपूर्ति (मुआवजा) उपलब्ध कराया जाएगा।
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे समयसीमा का विशेष ध्यान रखें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके और उन्हें योजना का पूरा लाभ मिल सके।