संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम-एसपी ने सुनी फरियाद, 69 में 17 शिकायतों का मौके पर निस्तारण

जालौन | 04 अप्रैल 2026

तहसील कालपी के सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने दूर-दराज से आए फरियादियों की शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना और कई मामलों में मौके पर ही त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित कराई।

समाधान दिवस के दौरान कुल 69 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 17 का मौके पर ही प्रभावी निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए।

कार्यक्रम में राजस्व, पुलिस, विकास, आपूर्ति एवं नगर पालिका समेत विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याएं सामने आईं। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का निस्तारण पारदर्शिता और तय समयसीमा के भीतर किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

समाधान दिवस के दौरान प्रशासन की संवेदनशीलता उस समय देखने को मिली जब मौके पर ही दो लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड बनाकर दिए गए तथा एक व्यक्ति को तत्काल दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी कर सौंपा गया।

पेयजल समस्या को लेकर जिलाधिकारी ने गंभीर रुख अपनाते हुए निर्देश दिए कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में कहीं भी पानी की कमी न रहने दी जाए। उन्होंने दो दिनों के भीतर खराब हैंडपंपों को चिन्हित कर उनके रिबोर कराने तथा पेयजल आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर वाटर कूलर की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा, ताकि गर्मी के मौसम में आमजन को राहत मिल सके।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस केवल औपचारिकता न बनकर आमजन की समस्याओं के वास्तविक समाधान का प्रभावी माध्यम बने। प्रत्येक शिकायत पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई कर शिकायतकर्ता को संतुष्टि प्रदान करना सुनिश्चित किया जाए।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, उप जिलाधिकारी मनोज कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी अवधेश सिंह, परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी वीरेंद्र सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *