संवाददाता
कानपुर देहात
जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार में हीट वेव (लू) के संबंध में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में बढ़ती गर्मी और संभावित लू की स्थिति को देखते हुए सभी विभागों को सतर्कता बरतने एवं समयबद्ध कार्ययोजना बनाकर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि “क्या करें और क्या न करें” संबंधी जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि आमजन को हीट वेव से बचाव के प्रति जागरूक किया जा सके। उन्होंने पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं को पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक दवाओं, ओआरएस की उपलब्धता, अतिरिक्त बेड, ठंडे कक्ष एवं पर्याप्त स्टाफ की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों पर जागरूकता सामग्री प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए।
पशुपालन विभाग को पशुओं के लिए हीट वेव एक्शन प्लान लागू करने, चारा-पानी की उपलब्धता बनाए रखने तथा पशुपालकों को जागरूक करने को कहा गया। कृषि विभाग को मृदा नमी संरक्षण, वैकल्पिक फसलों के प्रचार-प्रसार एवं आवश्यक कृषि सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
श्रम विभाग को श्रमिकों के लिए जागरूकता शिविर, कार्य समय में बदलाव एवं स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। शिक्षा विभाग को विद्यालयों में पेयजल एवं छाया की व्यवस्था, समय परिवर्तन एवं आउटडोर गतिविधियों को सीमित करने को कहा गया।
पंचायतीराज एवं ग्राम्य विकास विभाग को मनरेगा कार्यों की समयावधि में बदलाव, कार्यस्थलों पर छाया-पानी की व्यवस्था तथा जल स्रोतों की मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति एवं अस्पतालों के लिए विशेष व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
वन विभाग को हरियाली बढ़ाने, जंगलों में आग की रोकथाम एवं वन्य जीवों के लिए पानी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। परिवहन विभाग को बस स्टैंडों पर छाया, पेयजल एवं प्राथमिक उपचार की व्यवस्था तथा चालक-परिचालकों को प्रशिक्षित करने को कहा गया।
नगर निकायों को शहरी क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाने एवं डिजिटल माध्यम से संदेश प्रसारित करने के निर्देश दिए गए, जबकि अग्निशमन विभाग को संवेदनशील क्षेत्रों में फायर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल, अपर जिलाधिकारी दुष्यंत कुमार मौर्य, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. ए.के. सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।