संवाददाता
उरई/जालौन
प्रदेश सरकार के ‘नव निर्माण के नौ वर्ष’ पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में वर्चुअल प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मा० प्रभारी मंत्री संजय सिंह गंगवार ने सरकार की उपलब्धियों को विस्तार से प्रस्तुत करते हुए कहा कि बीते नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश ने हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति कर देश में अपनी अलग पहचान बनाई है।
उन्होंने कहा कि कृषि, सिंचाई, गन्ना, महिला सशक्तीकरण, सामाजिक सुरक्षा, कानून व्यवस्था, निवेश, रोजगार, आधारभूत संरचना, तकनीक और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में प्रदेश तेजी से आगे बढ़ा है। वर्ष 2016-17 में कृषि एवं संबद्ध क्षेत्र से राज्य सकल घरेलू उत्पाद 2.96 लाख करोड़ रुपये था, जो वर्ष 2024-25 में बढ़कर 6.95 लाख करोड़ रुपये हो गया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 76 प्रतिशत भूमि कृषि कार्य में उपयोग हो रही है और 86 प्रतिशत से अधिक भूमि सिंचित है, वहीं फल एवं सब्जी उत्पादन में भी उत्तर प्रदेश देश में प्रथम स्थान पर है।
किसान कल्याण पर जोर देते हुए मंत्री ने बताया कि वर्ष 2017 में किसानों की ऋणमाफी का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया, जिससे 86 लाख से अधिक लघु एवं सीमान्त किसान लाभान्वित हुए। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और फसल बीमा योजना के माध्यम से भी किसानों को व्यापक लाभ मिला है। ‘caneup.in’ पोर्टल, ‘ई-गन्ना’ ऐप और अन्य डिजिटल व्यवस्थाओं से गन्ना किसानों को पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में मिशन शक्ति, स्वयं सहायता समूह, बीसी सखी, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना और अन्य योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। सामाजिक सुरक्षा के अंतर्गत वृद्ध, निराश्रित, दिव्यांगजन और जरूरतमंद परिवारों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है, साथ ही पेंशन योजनाओं के दायरे का विस्तार किया गया है।
कानून व्यवस्था के क्षेत्र में सुधार का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जीरो टॉलरेंस नीति, यूपी-112 की प्रभावी सेवा, साइबर सुरक्षा तंत्र की मजबूती और आधुनिक पुलिसिंग व्यवस्था से प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है।
विकास के क्षेत्र में एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट, औद्योगिक कॉरिडोर, डिजिटल कनेक्टिविटी और एमएसएमई के विस्तार से प्रदेश में निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित हुए हैं। युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने के लिए मिशन रोजगार, कौशल विकास, स्टार्टअप नीति और अन्य योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
पर्यटन और सांस्कृतिक विकास पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि काशी, अयोध्या, मथुरा, चित्रकूट जैसे प्रमुख स्थलों के विकास से प्रदेश में पर्यटन को नई गति मिली है और वर्ष 2025 में रिकॉर्ड पर्यटक आगमन दर्ज किया गया।
उन्होंने कहा कि ‘नव निर्माण के नौ वर्ष’ केवल उपलब्धियों का विवरण नहीं, बल्कि सुशासन, पारदर्शिता और समावेशी विकास की सशक्त यात्रा है, जिसका उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
इस अवसर पर सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार, मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।