संवाददाता
कानपुर देहात
जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशों के क्रम में “खेलो इंडिया” योजना के अंतर्गत स्पोर्ट्स स्टेडियम माती में एथलेटिक्स चयन ट्रायल सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। इस आयोजन का संचालन जिला खेल अधिकारी नीलम सिद्दीकी के मार्गदर्शन में तथा एथलेटिक्स कोच विजय कुमार गुप्ता के नेतृत्व में किया गया।
चयन ट्रायल में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिभाशाली बालक एवं बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के दौरान 100 मीटर, 200 मीटर, शॉट पुट एवं जैवलिन थ्रो जैसी प्रमुख स्पर्धाओं में खिलाड़ियों का प्रदर्शन परखा गया।
प्रतियोगिता के उपरांत उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर कुल 08 खिलाड़ियों का चयन किया गया, जिसमें 05 बालक एवं 03 बालिकाएं शामिल हैं। चयनित खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन एवं प्रतिभा का प्रभावी प्रदर्शन किया।
जिला खेल अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि चयनित खिलाड़ियों को “खेलो इंडिया” योजना के अंतर्गत निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। साथ ही उन्हें ट्रैक सूट, कट शूज, स्पाइक बैग सहित अन्य आवश्यक खेल सामग्री भी निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अतिरिक्त प्रत्येक वर्ष खिलाड़ियों को किट वितरण की सुविधा भी दी जाएगी, जिससे उनकी खेल तैयारी और अधिक मजबूत हो सके।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि निरंतर अभ्यास एवं अनुशासन के माध्यम से वे भविष्य में जनपद, प्रदेश एवं देश का नाम रोशन कर सकते हैं। कार्यक्रम का समापन खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ किया गया।