संवाददाता
कानपुर देहात
मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत दिनांक 24 मार्च 2026 को पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद की थाना पुलिस द्वारा व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।
इस अभियान के तहत बाजारों, सार्वजनिक स्थानों तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक किया गया। सैकड़ों महिलाओं को महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण, कानूनी अधिकारों एवं अपराधों से बचाव के उपायों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
अभियान के दौरान महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई, जिनमें 181 (महिला हेल्पलाइन), 1090 (महिला शक्ति लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 112 (इमरजेंसी हेल्पलाइन) तथा 1076 (पुलिस कंट्रोल रूम) शामिल हैं। इसके साथ ही UPCOP ऐप के माध्यम से पुलिस सेवाओं का त्वरित लाभ लेने और सोशल मीडिया पर होने वाले साइबर अपराधों—जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग एवं फर्जी प्रोफाइल से होने वाली धोखाधड़ी—से बचाव के उपाय बताए गए।
महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति भी जागरूक किया गया, जिसमें पॉक्सो एक्ट, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम एवं सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के बारे में जानकारी दी गई।
पुलिस विभाग द्वारा बताया गया कि मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत यह अभियान महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लगातार संचालित किया जा रहा है। इसका मुख्य लक्ष्य समाज में महिलाओं को सुरक्षित और सशक्त महसूस कराना तथा अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति को मजबूत करना है।
कानपुर देहात पुलिस ने सभी महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा या अपराध की स्थिति में तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें, ताकि समय पर सहायता उपलब्ध कराई जा सके।