संवाददाता – उरई/जालौन
चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने जनपद के प्रमुख शक्तिपीठों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण बैरागढ़ स्थित शक्तिपीठ, मां रक्तिदन्तिका एवं अक्षरा माता मंदिरों में किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर परिसरों में साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, बैरिकेडिंग, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रहें और किसी को भी असुविधा न हो।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से साफ-सफाई, शौचालय सुविधा, प्रकाश और पेयजल की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा।
इस अवसर पर डीएम और एसपी ने मंदिरों में विधिवत पूजा-अर्चना कर मां के चरणों में माथा टेककर जनपदवासियों की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं, जिससे नवरात्रि पर्व श्रद्धा, उल्लास और सुव्यवस्था के साथ मनाया जा रहा है।