संवाददाता – उरई/जालौन
जालौन में आगामी अप्रैल माह में संचारी रोगों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसको लेकर जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि संचारी रोग, वेक्टर जनित बीमारियां और दिमागी बुखार पर नियंत्रण शासन की प्राथमिकता है, इसलिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी बीरेंद्र सिंह ने जानकारी दी कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान 1 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक तथा दस्तक अभियान 10 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक संचालित किया जाएगा।
अभियान के तहत घर-घर सर्वे, मरीजों की पहचान, जांच और उपचार के साथ व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे। आशा और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां घर-घर जाकर बुखार, डायरिया, मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया समेत अन्य बीमारियों के लक्षण वाले लोगों की पहचान कर उनका विवरण पोर्टल पर दर्ज करेंगी।
जिलाधिकारी ने नगर निकायों और ग्राम्य विकास विभाग को विशेष सफाई अभियान चलाने, जलभराव खत्म करने, नालियों की सफाई, फॉगिंग और एंटी लार्वा छिड़काव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही शुद्ध पेयजल, हैंडपंप मरम्मत और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने को कहा।
उन्होंने कहा कि दस्तक अभियान के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जाएगा और बुखार जैसी स्थिति में समय से इलाज कराने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी समेत कई विभागों के अधिकारी और चिकित्सक मौजूद रहे।