उरई/जालौन।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने विकास भवन के रानी लक्ष्मीबाई सभागार में आगामी रामनवमी और ईद-उल-फितर त्योहारों की तैयारियों की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी प्रमुख मंदिरों, मस्जिदों और सार्वजनिक स्थलों पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। विशेष रूप से भीड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त पेयजल, प्रकाश और शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे सक्रिय स्थिति में रहें और उनकी सतत निगरानी की जाए। किसी भी अव्यवस्था या संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जाए।
जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने, नगर निकायों को सफाई और कूड़ा निस्तारण सुनिश्चित करने, स्वास्थ्य विभाग को आपातकालीन सेवाओं और एम्बुलेंस की उपलब्धता बनाए रखने तथा अग्निशमन विभाग को अलर्ट रहने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने, लगातार गश्त करने और भीड़-भाड़ वाले स्थानों, बाजारों एवं धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा कड़ी करने के निर्देश दिए। यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक प्लान लागू करने और पार्किंग की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रखने और किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संजय कुमार, अपर जिलाधिकारी न्यायिक योगेन्द्र सिंह, सीएमओ डॉ. बीरेंद्र सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी राम अयोध्या प्रसाद सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
We use cookies