कानपुर देहात।
पुलिस उपमहानिरीक्षक, कानपुर परिक्षेत्र हरीश चन्दर द्वारा जनपद के थाना अकबरपुर एवं थाना भोगनीपुर का वार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दोनों थानों की कार्यप्रणाली, अनुशासन एवं कानून-व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने थाना परिसर, बैरक, शस्त्रागार, वाहन पूल, रिकॉर्ड रूम सहित विभिन्न इकाइयों का गहन निरीक्षण किया। पुलिस कर्मियों की परेड एवं उपस्थिति की जांच की गई। साथ ही जनरल डायरी, मुकदमों की विवेचना की स्थिति, लंबित प्रकरण, महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े मामलों, साइबर अपराध तथा नशीले पदार्थों के विरुद्ध कार्रवाई की प्रगति का भी अवलोकन किया गया।
उन्होंने थानों में उपलब्ध संसाधनों जैसे हथियार, वाहन, संचार उपकरण एवं सीसीटीवी व्यवस्था की स्थिति और रखरखाव की भी समीक्षा की। इसके अलावा थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव और डिजिटल रिकॉर्ड प्रणाली का भी मूल्यांकन किया गया।
निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिस कर्मियों से संवाद कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव भी सुने गए। इसके उपरांत डीआईजी हरीश चन्दर ने अधिकारियों व कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कानून-व्यवस्था में जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने, जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने, महिला एवं बाल सुरक्षा को प्राथमिकता देने तथा साइबर अपराध और नशा विरोधी अभियानों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने अनुशासन, शारीरिक फिटनेस, वर्दी की शुद्धता एवं थाना परिसर की स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। साथ ही जन शिकायतों के त्वरित निस्तारण और पुलिस की छवि को और बेहतर बनाने के निर्देश भी दिए।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी अकबरपुर, क्षेत्राधिकारी भोगनीपुर, प्रभारी निरीक्षक अकबरपुर एवं भोगनीपुर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
We use cookies