उरई/जालौन।
जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने जिला अस्पताल (महिला) एवं राजकीय मेडिकल कॉलेज का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ओपीडी, इमरजेंसी एवं विभिन्न वार्डों का गहन निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने भर्ती मरीजों एवं उनके तीमारदारों से संवाद कर सुविधाओं की जानकारी ली। अधिकांश मरीजों ने अस्पताल से दवाइयों की उपलब्धता और उपचार व्यवस्था को संतोषजनक बताया, जिस पर जिलाधिकारी ने संतोष व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर उपचार और सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अस्पताल परिसर में साफ-सफाई, अनुशासन और व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाया जाए, ताकि मरीजों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण मिल सके।
विशेष रूप से राजकीय मेडिकल कॉलेज में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के सख्त निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि स्वच्छता स्वास्थ्य सेवाओं का अभिन्न हिस्सा है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि मरीजों के प्रति संवेदनशीलता बनाए रखते हुए गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करें, जिससे आमजन को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके।