कानपुर देहात।
17 मार्च 2026 को पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद की थाना पुलिस द्वारा मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत बाजारों, सार्वजनिक स्थानों तथा ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा उपायों, कानूनी अधिकारों तथा अपराधों से बचाव के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। पुलिस टीमों ने महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों—181 (महिला हेल्पलाइन), 1090 (महिला शक्ति लाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 112 (इमरजेंसी सेवा) एवं 1076 (पुलिस कंट्रोल रूम)—की जानकारी भी साझा की।
इसके साथ ही यूपीसीओपी ऐप के उपयोग के माध्यम से पुलिस सेवाओं का त्वरित लाभ उठाने के बारे में बताया गया। महिलाओं को साइबर अपराधों जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग और फर्जी प्रोफाइल से होने वाली धोखाधड़ी से बचाव के व्यावहारिक उपाय भी समझाए गए।
जागरूकता कार्यक्रम में महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी देते हुए पॉक्सो एक्ट, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से संरक्षण अधिनियम तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के बारे में विस्तार से बताया गया।
मिशन शक्ति 5.0 के तहत उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाना और अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति को मजबूत करना है।
कानपुर देहात पुलिस ने सभी महिलाओं और बालिकाओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा या अपराध की स्थिति में तुरंत नजदीकी थाने या संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें, ताकि समय पर सहायता प्रदान की जा सके।
We use cookies