कानपुर देहात। कानपुर जोन की 28वीं अन्तर जनपदीय पुलिस (महिला एवं पुरुष) हैंडबॉल क्लस्टर प्रतियोगिता-2026 का भव्य शुभारम्भ सोमवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम माती, कानपुर देहात में हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने किया। यह प्रतियोगिता 16 से 18 मार्च 2026 तक आयोजित की जा रही है।
उद्घाटन अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस बल में खेलकूद का विशेष महत्व है। खेल गतिविधियां पुलिस कर्मियों को शारीरिक रूप से फिट रखने के साथ-साथ मानसिक रूप से मजबूत बनाती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन टीम भावना, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और आपसी समन्वय को भी मजबूत करते हैं, जो ड्यूटी के दौरान अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करते हुए शुभकामनाएं दीं।
इस प्रतियोगिता में हैंडबॉल और बास्केटबॉल की प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। प्रतियोगिता में कानपुर जोन के 9 जनपदों की पुरुष एवं महिला टीमें हिस्सा ले रही हैं। इनमें पुलिस कमिश्नरेट कानपुर नगर, कानपुर देहात, इटावा, कन्नौज, औरैया, फतेहगढ़ (फर्रुखाबाद), झांसी, जालौन और ललितपुर की टीमें शामिल हैं।
उद्घाटन समारोह के दौरान सभी टीमों ने अनुशासित एवं आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित अधिकारियों और दर्शकों ने सराहा।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्राधिकारी लाइन्स, क्षेत्राधिकारी यातायात, प्रतिसार निरीक्षक सहित अन्य अधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए कानपुर देहात पुलिस की टीम पूरी सक्रियता के साथ व्यवस्थाओं में जुटी हुई है।
प्रतियोगिता के समापन पर विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों और खिलाड़ियों को पुरस्कार, प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान प्रदान किए जाएंगे।