संवाददाता
उरई/जालौन
जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और अनुशासन बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने उरई जिला अस्पताल में ड्यूटी के दौरान सोशल मीडिया पर रील बनाने के मामले को गंभीरता से लेते हुए सख्त कार्रवाई की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उरई जिला अस्पताल में पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) एजेंसी के माध्यम से संचालित सीटी स्कैन यूनिट तथा बीएचएस के अंतर्गत एनसीडी शाखा में कार्यरत स्टाफ नर्स आकांक्षा, नेहा सिंह एवं भारतीय द्वारा ड्यूटी समय में रील बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट की गई थी।
मामले का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार से जांच कराई। जांच में आरोप सही पाए जाने पर जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को संबंधित कार्मिकों की सेवा समाप्त करने के निर्देश दिए हैं।
इसके साथ ही जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक से शिथिल पर्यवेक्षण के संबंध में स्पष्टीकरण भी तलब किया गया है। जिलाधिकारी ने कहा कि मरीजों की सेवा सर्वोपरि है और ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता या गैर-व्यावसायिक आचरण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों में कार्यरत सभी कार्मिकों को सेवा नियमों का कड़ाई से पालन करना होगा, ताकि आमजन को बेहतर और अनुशासित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।