संवाददाता
उरई/जालौन
होली पर्व के मद्देनजर जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ और सक्रिय बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने राजकीय मेडिकल कॉलेज का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने इमरजेंसी वार्ड, ट्रॉमा यूनिट, सामान्य वार्ड सहित अन्य चिकित्सा कक्षों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से बातचीत कर उपचार से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की तथा अस्पताल प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देशित किया कि होली पर्व के दौरान इमरजेंसी सेवाएं पूरी तरह सक्रिय रहें। विशेष रूप से सड़क दुर्घटनाओं और अन्य आकस्मिक मामलों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित रूप से संभाला जाए और उपचार में किसी भी प्रकार की देरी न होने पाए।
उन्होंने दवाओं की उपलब्धता, रक्त की पर्याप्त व्यवस्था, चिकित्सकीय उपकरणों की कार्यशीलता और ड्यूटी रोस्टर की भी समीक्षा की। साथ ही निर्देश दिए कि सभी चिकित्सक और पैरामेडिकल स्टाफ निर्धारित समय पर उपस्थित रहकर अपनी जिम्मेदारियों का पूर्ण रूप से निर्वहन करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि होली जैसे प्रमुख त्योहार पर किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह तैयार रहे, ताकि आमजन को समय पर और प्रभावी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सके।