संवाददाता
उरई/जालौन
जनपद में निराश्रित एवं संरक्षित गौवंश की समुचित देखभाल सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने चमारी स्थित गौशाला का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गौवंश के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गौवंश के लिए उपलब्ध चारा, भूसा, हरा चारा, पेयजल व्यवस्था, साफ-सफाई तथा चिकित्सा सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गौशाला में स्वच्छता, पोषण तथा नियमित स्वास्थ्य परीक्षण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि गौवंश को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिलाधिकारी ने कहा कि गौसंरक्षण शासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए गौवंश के लिए छायादार स्थान, पर्याप्त पेयजल उपलब्धता तथा नियमित फॉगिंग और सैनिटाइजेशन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
इस दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से गौवंश की संख्या, टीकाकरण की स्थिति और उपलब्ध संसाधनों की जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।