संवाददाता
कानपुर देहात
जनपद कानपुर देहात में अपराध नियंत्रण एवं घटनाओं की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना सट्टी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक शातिर हिस्ट्रीशीटर अभियुक्त को अवैध असलाह व कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार दिनांक 06 मार्च 2026 को थाना सट्टी पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग एवं वांछित/वारंटी अभियुक्तों की तलाश में ग्राम अफसरिया की मड़ैया की ओर जा रही थी। इसी दौरान अफसरिया गांव के सामने सट्टी की ओर जाने वाली कच्ची सड़क के तिराहे पर एक व्यक्ति पैदल आता दिखाई दिया। पुलिस टीम द्वारा टॉर्च की रोशनी डालकर उसे रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह पीछे मुड़कर तेज कदमों से चलने लगा, जिससे वह संदिग्ध प्रतीत हुआ।
पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे लगभग 100 मीटर आगे कच्ची सड़क पर पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम चाँद बाबू उर्फ मोहम्मद पुत्र हारून कसाई, निवासी ग्राम सट्टी थाना सट्टी, जनपद कानपुर देहात बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक अवैध देशी तमंचा (315 बोर) और एक जिंदा कारतूस (315 बोर) बरामद हुआ।
अवैध शस्त्र बरामद होने पर पुलिस ने अभियुक्त को हिरासत में लेकर थाना सट्टी में मु0अ0सं0 11/2026 धारा 3/25 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद अभियुक्त को नियमानुसार माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त चाँद बाबू उर्फ मोहम्मद एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम, एनडीपीएस एक्ट, गुण्डा एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में करीब 17 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
-
थानाध्यक्ष कालीचरण
-
उपनिरीक्षक शैलेन्द्र कुमार
-
हेड कांस्टेबल 332 रामवीर सिंह
-
कांस्टेबल 381 अजय कुमार