उरई विकास प्राधिकरण की 30वीं बोर्ड बैठक सम्पन्न: अवैध निर्माण व प्लाटिंग पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

संवाददाता | उरई/जालौन

मण्डलायुक्त/अध्यक्ष विमल कुमार दुबे की अध्यक्षता में उरई विकास प्राधिकरण की 30वीं बोर्ड बैठक कलेक्ट्रेट सभागार उरई में सम्पन्न हुई। बैठक में 29वीं बोर्ड बैठक के प्रस्तावों के अनुपालन की समीक्षा की गई तथा अवस्थापना निधि के विकास कार्यों और बजट से संबंधित विभिन्न प्रस्तावों को अनुमोदन प्रदान किया गया।

बैठक में शहर के विकास और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव स्वीकृत किए गए:

  • कोंच रोड – कोंच तिराहा: दोनों ओर सिंगल आर्म स्ट्रीट लाइट लगाने का प्रस्ताव, जिससे मार्ग पूरी तरह प्रकाशमय और रात्रिकालीन यातायात सुरक्षित होगा।

  • गोविन्दम तिराहा एवं रिनिया तिराहा: दो हाईमास्ट लाइट लगाने के प्रस्ताव को मंजूरी।

  • तुलसीधाम कॉलोनी: मुख्य प्रवेश मार्ग का डामरीकरण और अन्य मार्गों के निर्माण एवं मरम्मत कार्य।

बैठक में वित्तीय वर्ष 2026–27 का बजट भी अनुमोदित किया गया। मौजा बडेरा और बड़ागांव में मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण नई शहरी प्रोत्साहन योजना की प्रगति की समीक्षा की गई और भूमि क्रय कर योजना को शीघ्र विकसित करने के निर्देश दिए गए।

मण्डलायुक्त ने अवधि में अधिक से अधिक मानचित्रों को समयबद्ध स्वीकृत करने, प्रवर्तन कार्यों में तेजी लाने और लंबित नोटिस सुनवाई के मामलों में शीघ्र शमन मानचित्र दाखिल कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि:

  • बिना स्वीकृत मानचित्र के बनाए जा रहे भवन सीज किए जाएँ या आवश्यकता अनुसार ध्वस्तीकरण किया जाए।

  • अवैध प्लाटिंग पर सख्त कार्रवाई करते हुए ऐसे निर्माणों को ध्वस्त किया जाए।

प्रवर्तन कार्यों में अपेक्षित प्रगति न मिलने पर मण्डलायुक्त ने ओडीए सचिव को फटकार लगाते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। सहयुक्त नियोजक झांसी मंडल को जोनल प्लान तैयार करने हेतु आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया गया।

जिलाधिकारी/उपाध्यक्ष राजेश कुमार पाण्डेय ने बोर्ड को अवगत कराया कि उरई विकास प्राधिकरण नगर के नियोजित विकास और सुंदरता हेतु निरंतर प्रयासरत है और निकट भविष्य में अन्य सुंदरीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य भी कराए जाएंगे।

बोर्ड ने नगरवासियों से अपील की कि वे भवन निर्माण से पूर्व प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत अवश्य कराएं, अथवा निर्माण हो जाने की स्थिति में शमन मानचित्र स्वीकृत कराना सुनिश्चित करें।

बैठक में बोर्ड सदस्य अनिल यादव, दिलीप दुबे, उरई विकास प्राधिकरण के सचिव परमानंद यादव, मुख्य लेखाधिकारी आशुतोष चतुर्वेदी सहित अन्य प्राधिकरण कार्मिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *