जिलाधिकारी की अध्यक्षता में तहसील रसूलाबाद में आयोजित जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस

कानपुर देहात | दिनांक 07 मार्च 2026

जनपद कानपुर देहात की समस्त तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया। जिला स्तरीय कार्यक्रम तहसील रसूलाबाद में जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पांडे सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी ने प्राप्त शिकायतों को क्रमवार सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 151 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 05 का निस्तारण मौके पर ही किया गया, जबकि शेष शिकायतों को निर्धारित समयावधि में निस्तारित करने हेतु संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया।

जिलाधिकारी ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि राजस्व एवं भूमि विवाद से संबंधित प्रकरणों में प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम को तत्काल मौके पर भेजकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और प्रत्येक प्रकरण में गुणवत्ता, पारदर्शिता और शिकायतकर्ता की संतुष्टि का विशेष ध्यान रखा जाए।

इसके अतिरिक्त, जिलाधिकारी ने आईजीआरएस, तहसील दिवस, माननीय जनप्रतिनिधियों और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश भी दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को प्रत्येक कार्यदिवस प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक अनिवार्य जनसुनवाई करने, शिकायतकर्ताओं के प्रति संवेदनशील और मधुर व्यवहार बनाए रखने का निर्देश दिया।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिग्विजय सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए. के. सिंह, उप जिलाधिकारी सर्वेश कुमार, तहसीलदार सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *