कानपुर देहात | दिनांक 07 मार्च 2026
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम–2026 के तहत जनपद में नोटिसों की सुनवाई का कार्य प्रगति पर है।
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी कपिल सिंह ने बताया कि जनपद में प्राप्त 2,72,131 नोटिसों में से अब तक 1,98,393 नोटिसों की सुनवाई पूर्ण की जा चुकी है, जबकि 73,738 नोटिसों की सुनवाई शेष है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार यह कार्य 10 मार्च 2026 तक शत-प्रतिशत पूर्ण किया जाना अनिवार्य है।
जिलाधिकारी ने सभी कार्यालयाध्यक्षों को निर्देशित किया है कि उनके अधीनस्थ अधिकारी, जो अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (AERO) के रूप में कार्यरत हैं, 08 मार्च 2026 को अपने-अपने बूथों से संबंधित नोटिसों की सुनवाई सुनिश्चित करें। इस कार्य की निगरानी का दायित्व संबंधित कार्यालयाध्यक्षों का भी होगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना पूर्व अनुमति कोई भी अधिकारी मुख्यालय नहीं छोड़ेगा। निर्देशों के अनुपालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी।