कानपुर देहात।
महिला कल्याण विभाग, लखनऊ के निर्देशों और जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में तथा जिला प्रोबेशन अधिकारी के नेतृत्व में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 2026 के अवसर पर दिनांक 08.03.2026 को मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार में कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का प्रारंभ मा० मुख्यमंत्री जी के सजीव प्रसारण कार्यक्रम को दिखाकर किया गया। मुख्य अतिथि नीरज रानी, मा० अध्यक्ष जिला पंचायत, की गरिमामयी उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलन और मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प माल्यार्पण किया गया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य/कोविड) के अंतर्गत कक्षा 10 और 12 में 60% से अधिक अंक प्राप्त करने वाली बालिकाओं, बाल विवाह रोकथाम में सहयोग करने वाली बालिकाओं और उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र, पौधे और उपहार देकर सम्मानित किया गया।
नीरज रानी, मा० अध्यक्ष जिला पंचायत, ने अपने उद्बोधन में कहा कि महिला सशक्तिकरण का मतलब है कि महिलाएं अपने जीवन के सभी महत्वपूर्ण निर्णय स्वयं ले सकें और समाज के सभी बंधनों से मुक्त होकर अपने निर्णयों की निर्माता बनें।
जिलाधिकारी कपिल सिंह ने कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल महिलाओं के लिए नहीं, बल्कि पूरे समाज के विकास के लिए आवश्यक है। जब महिलाएं शिक्षा प्राप्त करती हैं, रोजगार पाती हैं और निर्णय लेने में भाग लेती हैं, तो परिवार और समाज दोनों में सकारात्मक बदलाव आते हैं।
जिला प्रोबेशन अधिकारी रेनू यादव ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस प्रत्येक वर्ष 8 मार्च को महिलाओं के प्रति सम्मान, प्रशंसा और उनके आर्थिक, राजनीतिक और सामाजिक योगदान के लिए मनाया जाता है।
कार्यक्रम के दौरान स्पोर्ट्स स्टेडियम माती में अतिरिक्त मजिस्ट्रेट नीलिमा यादव, शालिनी, उप-जिलाधिकारी सुरभी शर्मा, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला क्रीड़ा अधिकारी और समस्त महिला कार्मिकों ने केक काटकर समारोह मनाया और बालिकाओं का उत्साहवर्धन किया।
इसके अतिरिक्त, पैदल वॉक प्रतियोगिता आयोजित की गई और महिला सशक्तिकरण जागरूकता रैली निकाली गई।
उक्त कार्यक्रम में मा० अध्यक्ष जिला पंचायत नीरज रानी, जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दुष्यंत कुमार मौर्य, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट नीलिमा यादव, शालिनी, उप-जिलाधिकारी सुरभी शर्मा, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला क्रीड़ा अधिकारी, जिला युवा अधिकारी और समस्त महिला अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।