उरई/जालौन।
जनपद में एलपीजी गैस की सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने उरई स्थित भारत गैस एजेंसी, छीरसागर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने एजेंसी में गैस सिलेंडरों के भंडारण, वितरण व्यवस्था और उपभोक्ताओं को दी जा रही सुविधाओं का गहन जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने एजेंसी परिसर में उपस्थित उपभोक्ताओं से सीधे संवाद कर गैस आपूर्ति की स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की और आवश्यक फीडबैक लिया। उन्होंने कहा कि जनपद में गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है और उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी उपभोक्ताओं को समयबद्ध होम डिलीवरी के माध्यम से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएं, जिससे आपूर्ति निर्बाध बनी रहे। उन्होंने यह भी कहा कि कई बार उपभोक्ताओं के मोबाइल पर OTP नहीं प्राप्त होने के कारण बुकिंग में कठिनाई होती है। इसे ध्यान में रखते हुए IVRS, मिस्ड कॉल, गूगल पे, फोन पे और व्हाट्सएप के माध्यम से वैकल्पिक बुकिंग व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि कोई भी उपभोक्ता गैस बुकिंग से वंचित न रहे।
अधिकारियों ने एजेंसी संचालकों को निर्देशित किया कि गैस वितरण व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी और व्यवस्थित रहे तथा उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जाए।
इस अवसर पर जिला पूर्ति अधिकारी राजीव शुक्ला सहित संबंधित अधिकारी एवं एजेंसी कर्मचारी भी उपस्थित रहे।