उरई/जालौन।
जनपद में एलपीजी गैस आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक कर जनपद में संचालित गैस एजेंसियों की विस्तृत समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि जनपद में कुल 35 गैस एजेंसी वितरकों के माध्यम से 3,52,748 घरेलू तथा 740 वाणिज्यिक कनेक्शनधारकों को गैस आपूर्ति की जा रही है। जिलाधिकारी ने कहा कि उपभोक्ताओं को गैस की उपलब्धता में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और सभी एजेंसियां नियमानुसार होम डिलीवरी के माध्यम से गैस आपूर्ति सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने विक्रय अधिकारी एचपीसीएल को निर्देश दिए कि जिन उपभोक्ताओं के मोबाइल पर OTP नहीं पहुंच पाता, उनके लिए IVRS, मिस्ड कॉल, गूगल पे, फोन पे एवं व्हाट्सएप के माध्यम से वैकल्पिक बुकिंग व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जनपद में एचपीसीएल की 2 एजेंसियों के अंतर्गत 27,199 घरेलू और 28 वाणिज्यिक कनेक्शनधारक हैं, जिनके पास वर्तमान में 707 घरेलू एलपीजी रिफिल तथा 29 वाणिज्यिक सिलेंडर उपलब्ध हैं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि एजेंसियों में उपभोक्ताओं के लिए एडवाइजरी और पंपलेट प्रदर्शित किए जाएं।
विक्रय अधिकारी आईओसी को निर्देशित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि एजेंसी वितरकों के माध्यम से उपभोक्ताओं की बुकिंग व्यवस्था सुचारु रखी जाए। जनपद में इंडेन कंपनी की 23 एजेंसियों से 1,10,337 घरेलू तथा 473 वाणिज्यिक कनेक्शनधारकों को गैस आपूर्ति की जाती है। इन एजेंसियों के पास 4,429 घरेलू एलपीजी सिलेंडर और 746 वाणिज्यिक सिलेंडर उपलब्ध हैं।
बीपीसीएल की 10 एजेंसियों के अंतर्गत 84,142 घरेलू और 239 वाणिज्यिक कनेक्शनधारक हैं, जिनके पास 2,987 घरेलू तथा 729 वाणिज्यिक सिलेंडर उपलब्ध हैं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी उपभोक्ताओं को समयबद्ध होम डिलीवरी के माध्यम से गैस उपलब्ध कराई जाए।
जिलाधिकारी ने समस्त उपजिलाधिकारी और क्षेत्राधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने क्षेत्रों में गैस एजेंसियों के कार्यालय और गोदामों का नियमित निरीक्षण करें तथा गठित टीमों से स्टॉक (आमद, वितरण और अवशेष) का प्रतिदिन सत्यापन कराएं। साथ ही गैस की कालाबाजारी या डायवर्जन की किसी भी शिकायत पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संजय कुमार, समस्त उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी राजीव शुक्ला तथा आईओसी, एचपीसीएल और बीपीसीएल के विक्रय अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।