डीएम और एसपी ने पुलिस भर्ती परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा के लिए अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

संवाददाता | उरई/जालौन

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने आचार्य नरेंद्र देव इंटर कॉलेज तथा सर्वोदय इंटर कॉलेज सहित अन्य परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर वहां की व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों पर बनाए गए कमांड कंट्रोल रूम का निरीक्षण करते हुए सीसीटीवी कैमरों की स्थिति और उनकी कार्यशीलता की जांच की। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक कक्ष और पूरे परिसर की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाए, ताकि परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनी रहे।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, स्वच्छ शौचालय, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए और परीक्षार्थियों को शांतिपूर्ण वातावरण में परीक्षा देने का अवसर मिलना चाहिए।

पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा केंद्रों के आसपास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी जाए तथा अनावश्यक भीड़ को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों को अपने परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो और यातायात व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित रहे।

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित यह परीक्षा 14 और 15 मार्च 2026 को प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जाएगी। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ कार्य करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *