संवाददाता | उरई/जालौन
माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार 11 मार्च 2026 को न्यायिक अधिकारियों द्वारा जनपद जालौन में संचालित दो शेल्टर होम—राठ रोड स्थित वृद्धाश्रम तथा मुहल्ला लहरियापुरवा में स्थित आश्रय गृह—का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने वहां की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण करते हुए कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान न्यायिक अधिकारियों ने दोनों आश्रय स्थलों में रह रहे लोगों के रहन-सहन, भोजन व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छता, सुरक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया।
सबसे पहले समाज कल्याण विभाग द्वारा राठ रोड उरई में स्वैच्छिक संस्था शिवा ग्रामोत्थान सेवा संस्था, कानपुर नगर के सहयोग से संचालित वृद्धाश्रम का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के समय यहां 118 संवासी उपस्थित मिले। उपस्थिति पंजिका के अनुसार रात्रिकालीन कर्मचारियों एवं प्रबंधक को छोड़कर अन्य सभी कर्मचारी उपस्थित पाए गए। प्रबंधक संदीप सिंह के बारे में बताया गया कि उनके पिता की तबीयत खराब होने के कारण वह अपने गृह जनपद गए हुए हैं।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संवासियों से भोजन व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। इस पर संवासियों ने बताया कि उन्हें निर्धारित मेन्यू के अनुसार समय पर चाय-नाश्ता और भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके बाद मेडिकल डिस्पेंसरी का निरीक्षण किया गया, जहां स्टाफ नर्स उपस्थित मिलीं। उनसे संवासियों की चिकित्सा एवं प्राथमिक उपचार के लिए उपलब्ध दवाओं के बारे में जानकारी ली गई। संवासियों ने किसी प्रकार की समस्या की शिकायत नहीं की।
इसके पश्चात नगर पालिका परिषद उरई के सहयोग से मुहल्ला लहरियापुरवा में लखनऊ की एक एनजीओ द्वारा संचालित आश्रय गृह का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रबंधक सहित कोई भी कर्मचारी उपस्थित नहीं मिला। मेडिकल डिस्पेंसरी में भी पर्याप्त मात्रा में दवाएं उपलब्ध नहीं पाई गईं।
आश्रित पंजिका के निरीक्षण में यह भी पाया गया कि निरीक्षण की तिथि में कोई भी आश्रित पंजीकृत नहीं था, जबकि एसडीआरएफ की टीम पूर्व से ही आश्रय गृह में ठहरी हुई थी। इन अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित संस्था को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
इस निरीक्षण में गठित अनुश्रवण समिति के सदस्य अपर जिला जज प्रथम सतीश चन्द्र द्विवेदी, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अभिषेक खरे तथा सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती शाम्भवी शामिल रहीं। इस दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जालौन (स्थान उरई) के लिपिक शुभम शुक्ला भी उपस्थित रहे।