संवाददाता | उरई/जालौन
14 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में माननीय जनपद न्यायाधीश विरजेन्द्र कुमार सिंह के कुशल मार्गदर्शन में सम्पन्न हुई।
बैठक की अध्यक्षता नोडल अधिकारी एवं अपर जिला न्यायाधीश सतीश चन्द्र द्विवेदी ने अपने विश्राम कक्ष में की। इस दौरान जिले के विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारियों के साथ राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों की समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
नोडल अधिकारी सतीश चन्द्र द्विवेदी ने जिला प्रशासन की ओर से उपस्थित अपर जिला मजिस्ट्रेट (नमामि गंगे) प्रेमचन्द्र मौर्य से कहा कि उपजिला मजिस्ट्रेट न्यायालयों में लंबित दाण्डिक प्रकीर्ण वादों तथा तहसील स्तर पर लंबित राजस्व मामलों को चिन्हित कर उनकी सूची शीघ्र जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को उपलब्ध कराई जाए। साथ ही अपने विभाग से जुड़े मामलों में तत्परता से पैरवी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस विभाग की ओर से उपस्थित क्षेत्राधिकारी उरई राजीव कुमार से अपेक्षा की गई कि वे सभी थाना प्रभारियों को निर्देश जारी कर न्यायालयों से जारी सम्मन एवं नोटिसों की शत-प्रतिशत तामीला सुनिश्चित कराएं। यह भी बताया गया कि कुछ थानों में सम्मन व नोटिसों का तामीला सही ढंग से नहीं कराया जा रहा है, जिसे गंभीरता से लेते हुए सुधार करने की आवश्यकता है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती शाम्भवी प्रथम ने अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. आनन्द प्रकाश वर्मा से कहा कि आशा बहुओं की नियमित बैठकों में राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए जाएं। साथ ही चिकित्सा विभाग से संबंधित लंबित तथा प्री-लिटिगेशन वादों की सूची शीघ्र जिला विधिक सेवा प्राधिकरण उरई को उपलब्ध कराई जाए।
बैठक में उपस्थित विद्युत विभाग के कार्यकारी अधिशासी अभियंता जितेन्द्रनाथ से कहा गया कि विद्युत चोरी से संबंधित ऐसे मामलों को चिन्हित किया जाए जिनमें उपभोक्ता द्वारा शमन शुल्क व दंड राशि जमा कर दी गई हो। यदि पुलिस द्वारा प्रस्तुत अंतिम आख्या पर विभाग को कोई आपत्ति न हो, तो ऐसे मामलों में सहमति दाखिल कर उनके निस्तारण की प्रक्रिया तेज की जाए।
बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों ने राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर अपर सूचना अधिकारी पंकज कुमार तथा खाद्य एवं रसद विभाग के प्रतिनिधि पूर्ति निरीक्षक अभिषेक सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।