संवाददाता | कानपुर देहात
जनपद कानपुर देहात में 14 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर 11 मार्च को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कानपुर देहात श्री रवीन्द्र सिंह ने की।
बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित वादों के त्वरित और अधिक से अधिक निस्तारण को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। जनपद न्यायाधीश ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश देते हुए कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से अधिक से अधिक मामलों का आपसी सहमति से निस्तारण कराया जाए, ताकि आमजन को शीघ्र और सुलभ न्याय मिल सके।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पूर्व में आयोजित लोक अदालतों की तुलना में इस बार अधिक संख्या में वादों का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए सभी विभाग अपने-अपने स्तर पर लंबित मामलों की समीक्षा कर उन्हें लोक अदालत में निस्तारण के लिए चिन्हित करें।
बैठक में उपस्थित विभागाध्यक्षों ने अपने-अपने विभाग से संबंधित प्रस्तावित वादों की जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों को निस्तारित करने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
इस अवसर पर नूपुर श्रीवास्तव, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कानपुर देहात, राजेश पाण्डेय, अपर पुलिस अधीक्षक, डॉ. आदित्य सचान, डिप्टी सीएमओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।