संवाददाता | कानपुर देहात
पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने पुलिस कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान जनपद की पुलिस लाइन्स में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रिक्रूट आरक्षियों से विशेष संवाद किया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षुओं की समस्याओं को सुना और उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस की बुनियादी प्रशिक्षण अवधि किसी भी पुलिसकर्मी के करियर की सबसे महत्वपूर्ण नींव होती है। उन्होंने प्रशिक्षुओं को अनुशासन, कानून की जानकारी, संवेदनशीलता और आधुनिक तकनीकों के प्रयोग पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा, “एक सक्षम और जनता के प्रति समर्पित पुलिस अधिकारी बनने के लिए कठोर परिश्रम और आत्मानुशासन बेहद जरूरी है। आप सभी भविष्य में जनपद की कानून व्यवस्था के महत्वपूर्ण स्तंभ बनेंगे, इसलिए अपनी जिम्मेदारियों को गंभीरता से निभाएं।”
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने प्रशिक्षणरत आरक्षियों से उनकी शैक्षणिक व्यवस्था, रहने-खाने की सुविधाओं, मैदानी अभ्यास और अन्य आंतरिक समस्याओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
साथ ही प्रशिक्षण की गुणवत्ता को और अधिक प्रभावी बनाने तथा प्रशिक्षुओं के शारीरिक और मानसिक विकास पर समान रूप से ध्यान देने के निर्देश भी दिए, ताकि वे भविष्य में आने वाली चुनौतियों का बेहतर तरीके से सामना कर सकें।