प्रधानमंत्री इब्राहिम के साथ कार में की सवारी, दिखी खास केमिस्ट्री
क्वालालंपुर।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को मलेशिया के दो दिवसीय दौरे पर कुआलालंपुर पहुंचे, जहां उनका जोरदार स्वागत किया गया। मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने स्वयं एयरपोर्ट पर पहुंचकर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच गर्मजोशी साफ नजर आई।
एयरपोर्ट से होटल तक प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री इब्राहिम ने एक ही कार में साथ यात्रा की। दोनों नेताओं के साथ की यह तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और इसे भारत-मलेशिया संबंधों की मजबूती का प्रतीक माना जा रहा है।
यह प्रधानमंत्री मोदी की 2015 के बाद मलेशिया की तीसरी यात्रा है, जबकि इब्राहिम के प्रधानमंत्री बनने के बाद यह उनका पहला आधिकारिक स्वागत है। एयरपोर्ट से ही दोनों देशों के रिश्तों की गर्मजोशी देखने को मिली।
इस दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच व्यापार, तकनीक, रक्षा और सांस्कृतिक सहयोग को लेकर महत्वपूर्ण समझौतों की उम्मीद जताई जा रही है। मलेशिया, दक्षिण-पूर्व एशिया में भारत का अहम साझेदार माना जाता है और दोनों देश हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर जोर दे रहे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा भारत की “एक्ट ईस्ट” नीति के तहत क्षेत्रीय संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। दोनों नेताओं की संयुक्त बैठक में द्विपक्षीय व्यापार बढ़ाने, निवेश और कनेक्टिविटी परियोजनाओं पर भी चर्चा होने की संभावना है।