आईटीआई छात्रों ने राजकीय पॉलिटेक्निक उरई का किया शैक्षणिक भ्रमण
संवाददाता, उरई/जालौन
शासन के निर्देशानुसार राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) उरई के छात्र-छात्राओं ने स्टाफ के साथ “पॉलीटेक्निक चलो अभियान—पॉलीटेक्निक से स्वावलंबन की ओर बढ़ते कदम” कार्यक्रम के अंतर्गत राजकीय पॉलिटेक्निक उरई का भ्रमण किया और प्रवेश से संबंधित शैक्षणिक जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर जिले के सभी आईटीआई छात्र-छात्राओं से प्राविधिक शिक्षा से जुड़कर पॉलिटेक्निक से डिप्लोमा करने तथा अपने भविष्य को संवारते हुए प्रदेश व देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया गया।
राजकीय पॉलिटेक्निक की प्रचार-प्रसार समिति के अध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह ने बताया कि आईटीआई उत्तीर्ण छात्र-छात्राएं सीधे के-ग्रुप में आवेदन कर द्वितीय वर्ष में प्रवेश प्राप्त कर सकते हैं। आईटीआई के छात्र आठ डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश के लिए न्यूनतम आयु 14 वर्ष निर्धारित है, जबकि अधिकतम आयु की कोई सीमा नहीं है। संयुक्त प्रवेश परीक्षा (पॉलिटेक्निक) में दिव्यांग अभ्यर्थियों को पांच प्रतिशत आरक्षण तथा ओबीसी, एससी, एसटी, ईडब्ल्यूएस व पूर्व सैनिक आश्रितों को शासन के निर्देशानुसार आरक्षण का प्रावधान है।
उन्होंने बताया कि राजकीय पॉलिटेक्निक उरई में तीन प्रमुख ब्रांच संचालित हैं—मॉडर्न ऑफिस मैनेजमेंट एंड सेक्रेटेरियल प्रैक्टिस, सिविल इंजीनियरिंग और सिविल इंजीनियरिंग ईपीसी। प्रत्येक ब्रांच में 75-75 सीटें तथा के-ग्रुप में सात-सात सीटें उपलब्ध हैं। मॉडर्न ऑफिस मैनेजमेंट एंड सेक्रेटेरियल प्रैक्टिस को छात्राओं के लिए रोजगारपरक पाठ्यक्रम बताया गया, जिसमें एलडीसी, एडीसी, स्टेनो, पर्सनल असिस्टेंट, जनसंपर्क अधिकारी, ई-कंपनी प्रबंधक, आईटीआई व सेवायोजन विभाग में अनुदेशक जैसे पदों के अवसर उपलब्ध हैं। इस पाठ्यक्रम को सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त “ओ” लेवल कंप्यूटर कोर्स के समकक्ष माना गया है।
संस्थान में छात्र-छात्राओं के लिए छात्रावास, समृद्ध पुस्तकालय तथा कंपनी प्लेसमेंट की सुविधा भी उपलब्ध है। संयुक्त प्रवेश परीक्षा (पॉलिटेक्निक) के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 30 अप्रैल 2026 निर्धारित है। अभ्यर्थी वेबसाइट www.jeecup.admission.nic.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पंजीकरण के लिए व्यक्तिगत मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी का उपयोग अनिवार्य है। फॉर्म से संबंधित किसी भी समस्या पर छात्र-छात्राएं कार्यदिवस में पॉलिटेक्निक पहुंचकर हेल्प डेस्क से सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
भ्रमण के दौरान पॉलिटेक्निक के ऋषिकांत त्रिपाठी, संजीव अग्रवाल, डॉ. गौतम प्रधान, संजीव श्रीवास्तव, मनोज अहिरवार व प्रदीप कुमार उपस्थित रहे। वहीं आईटीआई से भगवत किशोर, सैफ अहमद, पूरन लाल तथा टाटा कंपनी से सौरभ विश्वकर्मा भी मौजूद रहे।