नन्ही वेदिका की बड़ी प्रतिभा — जिलाधिकारी के सामने फर्राटे से सुनाए कठिन पहाड़े

कक्षा 3 की छात्रा ने 09, 16, 17 और 19 के पहाड़े सुनाकर सबको किया प्रभावित

संवाददाता
उरई/जालौन

विकासखण्ड क्षेत्र की ग्राम पंचायत बरखेरा के निरीक्षण के दौरान उस समय एक प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला, जब कक्षा 3 में पढ़ने वाली नन्ही छात्रा वेदिका ने अपनी प्रतिभा से सभी का ध्यान आकर्षित कर लिया। निरीक्षण के दौरान जैसे ही जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय पंचायत परिसर में पहुँचे, वेदिका ने आत्मविश्वास के साथ उन्हें नमस्ते किया। जिलाधिकारी ने मुस्कुराते हुए अभिवादन का उत्तर दिया और उससे बातचीत शुरू की।

जिलाधिकारी द्वारा नाम पूछने पर बच्ची ने अपना नाम वेदिका बताया और यह भी बताया कि वह प्राथमिक विद्यालय की कक्षा 3 की छात्रा है। जिलाधिकारी ने उससे 09 का पहाड़ा सुनाने को कहा, जिसे वेदिका ने तुरंत बिना रुके सुना दिया। इसके बाद 16 का पहाड़ा पूछा गया, जिसे भी उसने पूरे आत्मविश्वास के साथ सही-सही सुनाया। जब जिलाधिकारी ने 17 और 19 जैसे अपेक्षाकृत कठिन पहाड़े सुनाने को कहा, तो वेदिका ने बिना किसी हिचक के फर्राटे से पहाड़े सुना दिए और उन्हें पूर्ण किया।

बच्ची की इस असाधारण गणितीय क्षमता को देखकर उपस्थित अधिकारी, कर्मचारी और ग्रामीण सभी प्रभावित हुए। जिलाधिकारी ने वेदिका की सराहना करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि ऐसे प्रतिभाशाली बच्चे ग्रामीण शिक्षा की सशक्त तस्वीर प्रस्तुत करते हैं। यह क्षण न केवल शिक्षा के प्रति बच्चों की रुचि को दर्शाता है, बल्कि यह भी साबित करता है कि सही मार्गदर्शन और लगन से ग्रामीण अंचल के बच्चे भी उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल कर सकते हैं।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *