यात्रियों को सुरक्षित गंतव्य के लिए किया गया रवाना
संवाददाता
कानपुर देहात
पुलिस अधीक्षक, जनपद कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय एवं अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार पाण्डेय के निर्देशन में कानपुर देहात पुलिस द्वारा संवेदनशील एवं त्वरित कार्यवाही करते हुए बस दुर्घटना में घायलों को तत्काल राहत प्रदान की गई।
दिनांक 31 जनवरी 2026 को प्रातः लगभग 06:00 बजे, दिल्ली से बनारस जा रही बस संख्या BR 28 P 4082 थाना रनियां क्षेत्रांतर्गत मैथा मोड़ हाइवे पर चालक द्वारा आगे जा रहे एक अज्ञात वाहन में पीछे से टक्कर मार देने के कारण दुर्घटनाग्रस्त हो गई। दुर्घटना में बस चालक राजवीर पुत्र काली चरण, निवासी ग्राम बागवाला, जनपद एटा एवं क्लीनर कल्लू पुत्र जगदीश, निवासी ग्राम बाजना, थाना नौहझील, जनपद मथुरा बस में फंस गए।
सूचना प्राप्त होते ही स्थानीय पुलिस बल एवं क्षेत्राधिकारी अकबरपुर संजय कुमार सिंह तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम द्वारा दुर्घटनाग्रस्त बस से चालक एवं परिचालक को सकुशल बाहर निकालकर एम्बुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल अकबरपुर भेजा गया, जहां उनका समुचित उपचार सुनिश्चित कराया गया।
बस में सवार अन्य यात्रियों को कोई चोट नहीं आई। यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए पुलिस द्वारा वैकल्पिक वाहनों की व्यवस्था कर उन्हें उनके गंतव्य स्थलों के लिए सुरक्षित रवाना किया गया। दुर्घटना के कारण हाइवे पर यातायात प्रभावित हो रहा था, जिसे देखते हुए क्षतिग्रस्त बस को क्रेन की सहायता से हटवाकर थाना परिसर में खड़ा कराया गया, जिससे यातायात सुचारु रूप से बहाल हो सका। अन्य आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।
कानपुर देहात पुलिस आमजन की सुरक्षा एवं सेवा के लिए सदैव तत्पर है। आम नागरिकों से अपील है कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें तथा किसी भी आपात स्थिति में पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर तत्काल सूचना दें।