संवाददाता — कानपुर देहात
कानपुर देहात, 29 जनवरी 2026
अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) / उप जिला निर्वाचन अधिकारी अमित कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर जनपद की समस्त विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत 06 फरवरी 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जानी हैं।
उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के तहत दिनांक 31 जनवरी 2026 को विशेष अभियान दिवस आयोजित किया जाएगा। इस दिन जनपद के सभी बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने बूथों पर प्रातः 10.30 बजे से सायं 04.30 बजे तक उपस्थित रहेंगे। इस दौरान वे आलेख्य निर्वाचक नामावली के साथ-साथ अनुपस्थित, स्थानांतरित (शिफ्टेड), मृतक एवं डुप्लीकेट मतदाताओं की सूचियों को सार्वजनिक रूप से पढ़कर सुनाएंगे, ताकि मतदाता सूची में शुद्धता सुनिश्चित की जा सके।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि विशेष अभियान दिवस के अवसर पर सभी पदाभिहीत स्थलों (मतदान केंद्रों) पर संबंधित अधिकारी उपस्थित रहेंगे तथा दिनांक 06 जनवरी 2026 को प्रकाशित आलेख्य निर्वाचक नामावली के साथ-साथ दावे एवं आपत्तियों से संबंधित सभी आवश्यक प्रपत्र—फार्म-6 (घोषणा पत्र सहित), फार्म-7 एवं फार्म-8—पर्याप्त संख्या में उपलब्ध रहेंगे।
उन्होंने यह भी अवगत कराया कि विशेष अभियान दिवस के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी महोदय, अधोहस्ताक्षरी सहित समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर बीएलओ, सुपरवाइजर एवं पदाभिहीत अधिकारियों की उपस्थिति एवं कार्य की निगरानी करेंगे।
अपर जिलाधिकारी ने जनपद के समस्त मतदाताओं से अपील की कि वे विशेष अभियान दिवस का लाभ उठाते हुए मतदाता सूची का अवलोकन करें और यदि किसी प्रकार की त्रुटि हो तो समय सीमा के भीतर दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराएं, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रह जाए।