जीबीसी-5 के दृष्टिगत जनपद में निवेश बढ़ाने पर अधिकारी करें ठोस प्रयास : जिलाधिकारी
संवाददाता — कानपुर देहात
जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में जिला उद्योग एवं व्यापार बन्धु की मासिक बैठक माँ मुक्तेश्वरी देवी सभागार, कलेक्ट्रेट कानपुर देहात में सम्पन्न हुई। बैठक में जनपद के उद्यमियों एवं व्यापारी बन्धुओं द्वारा प्रस्तुत समस्याओं, सुझावों एवं मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा उनके त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण हेतु जिलाधिकारी द्वारा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि उद्यमियों एवं व्यापारियों की समस्याओं का समयबद्ध एवं संवेदनशील समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने निर्देश दिए कि औद्योगिक क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई, रोस्टर के अनुरूप निर्बाध विद्युत आपूर्ति तथा उद्योगों के सुचारु संचालन हेतु सड़कों एवं नालियों की समय-समय पर मरम्मत सुनिश्चित की जाए।
अतिक्रमण से जुड़ी शिकायतों पर सख्त रुख अपनाते हुए जिलाधिकारी ने राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण के कारण औद्योगिक एवं व्यापारिक गतिविधियों में किसी भी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए।
बैठक में आईटीआई पास प्रशिक्षुओं को अप्रेंटिसशिप से जोड़ने पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि उद्योगों की मांग के अनुरूप प्रशिक्षण एवं अप्रेंटिसशिप की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि स्थानीय युवाओं को अधिकाधिक रोजगार अवसर मिल सकें। इस दौरान प्रधानाचार्य आईटीआई द्वारा बताया गया कि जनपद के ओडीओपी ट्रेड से संबंधित अनुदेशकों की नियुक्ति हेतु शासन स्तर पर पत्राचार किया गया है।
जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी रनियां को औद्योगिक क्षेत्र में साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक गतिविधियों के लिए रोस्टर तैयार कर नियमित कार्रवाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान व्यापारी बन्धुओं द्वारा अकबरपुर कोतवाली के पास सर्विस रोड निर्माण, कानपुर–अकबरपुर–रूरा के मध्य रोडवेज एवं सीएनजी बसों का संचालन, गजनेर बाजार में शौचालय निर्माण सहित अन्य स्थानीय समस्याएं एवं सुझाव रखे गए, जिन पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने जीबीसी-5 (ग्लोबल/उत्तर प्रदेश इन्वेस्टर्स समिट-5) के दृष्टिगत जनपद में निवेश को प्रोत्साहित करने पर विशेष बल देते हुए सभी विभागों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने विभागों से संबंधित लक्ष्यों के अनुरूप निवेश प्रस्तावों को समयबद्ध रूप से धरातल पर उतारें। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ रखा जाए, जिससे उद्यमियों को अनुकूल वातावरण प्राप्त हो और जनपद में औद्योगिक एवं व्यापारिक गतिविधियों को निरंतर बढ़ावा मिल सके।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दुष्यंत कुमार मौर्य, उपायुक्त उद्योग मोहम्मद सउद, उपायुक्त राज्यकर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण, उद्यमी एवं व्यापारी बन्धु उपस्थित रहे।