संवाददाता — कानपुर देहात
दिनांक 29 जनवरी 2026 को माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कानपुर देहात के कुशल निर्देशन में नूपुर श्रीवास्तव, नवनियुक्त सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कानपुर देहात द्वारा प्रथम बार जिला कारागार, कानपुर देहात का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर कारागार परिसर में विधिक शिविर का भी आयोजन किया गया।
निरीक्षण के दौरान सचिव द्वारा कारागार में निरुद्ध बंदियों से मुलाकात कर उनके रहने, खाने एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। विशेष रूप से महिला बंदियों से संवाद कर उन्हें निःशुल्क विधिक सहायता एवं उनके अधिकारों के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही महिलाओं के साथ रह रहे बच्चों के आवास, खान-पान एवं शिक्षा से संबंधित सुविधाओं का भी निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक, जेलर एवं उप-जेलर सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे। सचिव द्वारा कारागार प्रशासन को आवश्यक सुझाव एवं दिशा-निर्देश भी दिए गए।
इसके अतिरिक्त, माननीय राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशन में संचालित “मेडिएशन फॉर द नेशन 2.0” अभियान के अंतर्गत आज मध्यस्थता केंद्र में एक वाद का सफल निस्तारण भी किया गया, जिससे पक्षकारों को त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण न्याय प्राप्त हो सका।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा इस प्रकार के निरीक्षण एवं शिविरों के माध्यम से बंदियों को विधिक सहायता उपलब्ध कराने और न्याय तक सरल पहुंच सुनिश्चित करने के प्रयास निरंतर जारी हैं।