जनपद न्यायाधीश के मार्गदर्शन में दीवानी न्यायालय उरई में समन्वय बैठक सम्पन्न

संवाददाता — उरई/जालौन

माननीय राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार, माननीय जनपद न्यायाधीश श्री विरजेन्द्र कुमार सिंह के कुशल मार्गदर्शन में आगामी 22 फरवरी 2026 को आयोजित होने वाले मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर की तैयारी के संबंध में दीवानी न्यायालय, उरई में एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक सम्पन्न हुई।

बैठक में जिले के खादी एवं ग्रामोद्योग, आबकारी, स्टाम्प, पशुपालन, राजकीय दुग्ध विभाग, पराग डेयरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान अपर जिला जज प्रथम/नोडल अधिकारी श्री सतीश चन्द्र द्विवेदी द्वारा उपस्थित समस्त अधिकारियों को 22.02.2026 को प्रस्तावित मेगा शिविर के सफल एवं प्रभावी आयोजन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

बैठक की जानकारी देते हुए सचिव (पूर्णकालिक) जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जालौन, श्रीमती शाम्भवी प्रथम ने बताया कि अपर जिला जज प्रथम/नोडल अधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि राष्ट्रीय एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों के अनुरूप समाज के विभिन्न वर्गों के व्यक्तियों के विधिक सशक्तीकरण तथा शासकीय जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने के उद्देश्य से यह मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर आयोजित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि यह शिविर राजकीय मेडिकल कॉलेज, उरई में आयोजित होगा, जिसमें जिले के समस्त विभागों द्वारा संचालित प्रशासनिक, जनकल्याणकारी एवं कार्यकारी योजनाओं के लिए अलग-अलग विभागीय कैम्प लगाए जाएंगे। इन कैम्पों के माध्यम से लाभार्थियों को एक ही स्थान पर विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाएगा तथा व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा।

बैठक में सभी विभागों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के साथ समन्वय स्थापित करते हुए पूर्ण सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए गए, जिससे मेगा शिविर के आयोजन की सार्थकता सिद्ध हो सके। साथ ही यह भी निर्देशित किया गया कि प्रत्येक विभाग अपनी-अपनी योजनाओं की सूची अविलम्ब जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय में प्रेषित करें।

बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने मेगा शिविर के सफल आयोजन हेतु पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर डिप्टी सीबीओ डॉ. आनंद कुमार, जिला खादी एवं ग्रामोद्योग अधिकारी श्री आर.डी. वर्मा, जिला आबकारी अधिकारी श्री भूपेन्द्र सिंह, एआईजी (स्टाम्प) श्री अजय कुमार, राजकीय दुग्ध विभाग के प्रतिनिधि श्री लल्लाराम, डेयरी विभाग के प्रतिनिधि मार्केटिंग सुपरवाइजर श्री विवेक पटेल सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *