संवाददाता — उरई/जालौन
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जनपद जालौन में यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने हेतु सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राजेश कुमार के नेतृत्व में प्रथम दल द्वारा आटा क्षेत्र में विशेष जांच एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान रॉन्ग साइड ड्राइविंग, सीट बेल्ट एवं हेलमेट के नियमों के उल्लंघन पर सघन जांच की गई तथा नियम विरुद्ध पाए गए वाहनों के चालान किए गए।
सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी राजेश कुमार ने दो पहिया एवं चार पहिया वाहन चालकों तथा राहगीरों से अपील की कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन न केवल हमारे जीवन को सुरक्षित रखता है, बल्कि परिवार को भी सड़क दुर्घटनाओं से उत्पन्न होने वाली कठिनाइयों से बचाता है। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों के पालन से ही एक सुरक्षित और विकसित भारत का निर्माण संभव है।
जागरूकता अभियान के दौरान जो वाहन चालक हेलमेट एवं सीट बेल्ट पहनकर वाहन संचालन करते पाए गए, उन्हें सम्मानित किया गया। वहीं बिना हेलमेट व सीट बेल्ट वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध प्रवर्तन कार्रवाई करते हुए चालान किए गए तथा उन्हें कठोर चेतावनी दी गई।
अधिकारी ने वाहन चालकों से आग्रह किया कि वे वाहन चलाते समय नशे की हालत में ड्राइविंग न करें, तेज गति से वाहन न चलाएं, स्टंट या खतरनाक ड्राइविंग से बचें और सभी यातायात नियमों का पूर्ण पालन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई भी वाहन चालक भविष्य में यातायात नियमों का उल्लंघन करते हुए पाया गया, तो उसके विरुद्ध कठोर प्रवर्तन कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
परिवहन विभाग ने कहा कि इस प्रकार के अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित हो।