मा० राज्यमंत्री धर्मवीर प्रजापति ने किया भूमि पूजन, कहा— सुविधाओं, सम्मान और सुरक्षा के साथ आगे बढ़ रहा विभाग
संवाददाता — उरई/जालौन
उत्तर प्रदेश सरकार के नेतृत्व में होमगार्ड्स विभाग को सशक्त और आधुनिक बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। जनपद जालौन के जिला कमाण्डेन्ट होमगार्ड्स कार्यालय, चौरसी में नवनिर्मित राजकीय भवन के निर्माण हेतु भूमि पूजन कर विधिवत शुभारम्भ किया गया।
कार्यक्रम में मा० राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा, उत्तर प्रदेश धर्मवीर प्रजापति मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार, जल शक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चौहान, डिविजनल कमांडेंट होमगार्ड्स झांसी रवि शंकर त्रिवेदी तथा होमगार्ड कमांडेंट राजेश सिंह मौजूद रहे।
भूमि पूजन के उपरांत मा० राज्यमंत्री धर्मवीर प्रजापति ने कहा कि मा० मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में होमगार्ड्स विभाग निरंतर सशक्त, आधुनिक और सम्मानित स्वरूप में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पूर्व विभाग संसाधनों की कमी से जूझ रहा था, लेकिन आज सरकार ने सुविधाएं, सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित किया है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के 39 जिलों एवं 07 मंडलीय प्रशिक्षण केंद्रों में विभाग के अपने शासकीय भवन स्थापित हो चुके हैं, जबकि 11 जिलों एवं 01 मंडलीय प्रशिक्षण केंद्र में निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिनमें अब जनपद जालौन भी शामिल हो गया है।
मा० मंत्री ने कहा कि पहले ड्यूटी के दौरान दुर्घटना में दिवंगत होमगार्ड्स को मात्र ₹3 लाख की बीमा राशि मिलती थी, जबकि अब सेवाकाल में मृत्यु होने पर ₹5 लाख की अनुग्रह राशि के साथ एक पात्र आश्रित को होमगार्ड स्वयंसेवक के पद पर नियुक्ति दी जा रही है। इसके अतिरिक्त दुर्घटना में मृत्यु पर ₹30 लाख तक की सहायता राशि बैंकों के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने आगे बताया कि होमगार्ड्स के बेहतर टर्नआउट हेतु ₹3000 प्रति होमगार्ड वर्दी भत्ता, प्रत्येक थाने में पुरुष व महिला होमगार्ड्स के लिए पृथक सुविधायुक्त कक्ष, तथा प्रशिक्षण भत्ता और ड्यूटी भत्ता समान कर दिया गया है। वर्तमान में विभाग की सभी सेवाएं पूर्णतः ऑनलाइन संचालित की जा रही हैं।
सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने कहा कि होमगार्ड्स समाज की सुरक्षा की मजबूत कड़ी हैं, जो आपदा, चुनाव, पर्व-त्योहार और कानून-व्यवस्था के समय निस्वार्थ भाव से सेवा करते हैं। उन्होंने कहा कि जिला कमाण्डेन्ट कार्यालय भवन का भूमि पूजन जालौन के लिए गर्व का विषय है और यह भवन प्रशासनिक कार्यों के साथ-साथ जवानों के मनोबल को भी नई ऊँचाइयाँ देगा।
माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन ने कहा कि होमगार्ड्स स्वयंसेवक अनुशासन, सेवा और समर्पण का जीवंत उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा किए जा रहे सुधार ऐतिहासिक हैं और इससे विभाग की कार्यक्षमता में निरंतर वृद्धि हो रही है। नया शासकीय भवन होमगार्ड्स को एक सम्मानजनक और सुविधायुक्त कार्य वातावरण प्रदान करेगा।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों ने निर्माण कार्य को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने की अपेक्षा व्यक्त की और प्रदेश सरकार की इस पहल को होमगार्ड्स विभाग के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक मजबूत कदम बताया।