जनपद न्यायाधीश के निर्देशन में दीवानी न्यायालय उरई में समन्वय बैठक सम्पन्न

22 फरवरी को आयोजित होने वाले मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर की तैयारियों पर चर्चा

संवाददाता
उरई/जालौन

मा० राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं उ०प्र० राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार माननीय जनपद न्यायाधीश श्री विरजेन्द्र कुमार सिंह के कुशल मार्गदर्शन में आगामी 22 फरवरी 2026 को आयोजित होने वाले मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर के संबंध में जिला दीवानी न्यायालय, उरई में समन्वय बैठक आयोजित की गई।

बैठक में रेशम, श्रम, एनआरएलएम, नेडा, चकबन्दी, ग्राम्य विकास, समाज कल्याण, अल्पसंख्यक, पिछड़ा वर्ग, पूर्ति, बाट-माप, दिव्यांगजन, खेलकूद, युवा कल्याण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अपर जिला जज प्रथम/नोडल अधिकारी श्री सतीश चन्द्र द्विवेदी द्वारा मेगा शिविर के सफल आयोजन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

सचिव (पूर्णकालिक) जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जालौन श्रीमती शाम्भवी प्रथम ने बताया कि बैठक की अध्यक्षता करते हुए अपर जिला जज प्रथम/नोडल अधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि जनपद जालौन में राजकीय मेडिकल कॉलेज, उरई में आयोजित होने वाले इस मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को विधिक सशक्तीकरण प्रदान किया जाएगा तथा शासकीय जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।

मेगा शिविर में जनपद के समस्त विभागों द्वारा एक ही स्थान पर अलग-अलग कैम्प स्थापित किए जाएंगे, जहाँ विभागीय योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को चिन्हित कर लाभ प्रदान किया जाएगा तथा योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। सभी विभागों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के साथ समन्वय स्थापित कर पूर्ण सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए गए।

इसके साथ ही सभी विभागों को अपने-अपने विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की सूची शीघ्र जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय में प्रेषित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने शिविर के सफल आयोजन हेतु पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

बैठक में परियोजना अधिकारी नेडा श्री राकेश कुमार पाण्डेय, क्रीड़ाधिकारी श्री शैलेन्द्र कुशवाहा, खाद एवं रसद विभाग से एआरओ श्री हाकिम सिंह, एनआरएलएम विभाग से श्री धर्मेन्द्र जैन, ग्राम्य विकास विभाग से एपीओ श्री असित, समाज कल्याण विभाग से श्री देवेन्द्र कुमार त्रिवेदी, दिव्यांगजन विभाग से श्री शैलेश गुप्ता तथा युवा कल्याण विभाग से श्री मोहन सिंह यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *