संवाददाता – कानपुर
महाराजपुर थाना क्षेत्र के हथीगांव में मंगलवार को एक नवविवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतका की पहचान अंतिमा यादव के रूप में हुई है। अंतिमा का विवाह 23 मई 2025 को महाराजपुर क्षेत्र के हथीगांव निवासी विनय से हुआ था। विवाह को अभी लगभग आठ महीने ही बीते थे। बताया गया कि विवाह के बाद वह ससुराल में पति, सास-ससुर और अन्य परिजनों के साथ रह रही थी।
परिजनों के अनुसार मंगलवार सुबह अंतिमा ने सिर दर्द की शिकायत की, जिसके बाद वह अपने कमरे में जाकर लेट गई। कुछ समय बाद जब काफी देर तक बाहर नहीं आई तो परिजनों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद दरवाजा तोड़कर अंदर देखा गया तो अंतिमा का शव फंदे से लटका मिला।
घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने साक्ष्य संकलित किए।
थाना प्रभारी ने बताया कि मृतका के मायके पक्ष को घटना की सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।