राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत माल व यात्री वाहनों के विरुद्ध सघन जांच अभियान

संवाददाता — उरई/जालौन

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जनपद जालौन में यातायात नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करने एवं सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से दिनांक 25 जनवरी 2026 को विशेष प्रवर्तन एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान बिना नम्बर प्लेट, कूट रचित नम्बर प्लेट, माल वाहनों एवं यात्री वाहनों के विरुद्ध सघन जांच की गई तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार प्रवर्तन की कार्रवाई की गई।

वरिष्ठ सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) श्री सुरेश कुमार द्वारा शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों पर अभियान चलाकर वाहनों की जांच की गई। जांच के दौरान बिना वैध दस्तावेज, नियमों के विपरीत संचालन एवं यातायात नियमों के उल्लंघन में पाए गए वाहनों के चालान किए गए।

अभियान के अंतर्गत वाहन चालकों को एचएसआरपी नम्बर प्लेट लगाकर वाहन संचालन करने, माल वाहनों में ओवरलोडिंग न करने, माल वाहनों में सवारियां न बैठाने, तथा रात्रि एवं कोहरे की स्थिति को देखते हुए वाहनों में रिफ्लेक्टर टेप लगाने की सलाह दी गई। साथ ही सभी वाहन चालकों को सुरक्षित परिवहन के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

अधिकारियों द्वारा वाहन चालकों से अपील की गई कि वे वाहन का संचालन समस्त वैध प्रपत्रों के साथ करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें, ओवर स्पीड एवं गलत दिशा में वाहन न चलाएं तथा क्षमता से अधिक सवारियां न बैठाएं। कोहरे की स्थिति में वाहन की गति सीमित रखने, दृश्यता अत्यधिक कम होने पर वाहन को सुरक्षित स्थान जैसे पेट्रोल पंप आदि पर खड़ा करने की सलाह भी दी गई, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय दुर्घटना से बचा जा सके।

इस अवसर पर सड़क सुरक्षा से संबंधित अन्य नियमों की भी विस्तृत जानकारी देते हुए वाहन चालकों को जागरूक किया गया। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा के प्रति लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इस प्रकार के अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *