राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह-2026 के तहत डीएम ने मोटर बाइक रैली व प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

संवाददाता — कानपुर देहात

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह-2026 के अंतर्गत शासन के निर्देशों के क्रम में दिनांक 24 जनवरी 2026 को जिलाधिकारी कानपुर देहात श्री कपिल सिंह द्वारा जनपदवासियों को सड़क सुरक्षा नियमों के पालन एवं सुरक्षित यात्रा के प्रति जागरूक करने हेतु मोटर बाइक रैली एवं प्रचार वाहन को कलेक्ट्रेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

इस जनजागरूकता रैली में परिवहन विभाग कानपुर देहात, यातायात पुलिस तथा बारा टोल के जीएम व उनकी टीम द्वारा सक्रिय सहयोग प्रदान किया गया। प्रचार वाहन के माध्यम से सड़क सुरक्षा से संबंधित गीतों, स्लोगनों एवं संदेशों का प्रसारण किया गया, जिससे आमजन में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता उत्पन्न हो सके। रैली का समापन अकबरपुर स्थित नवीन बस अड्डे पर किया गया।

समापन स्थल पर एआरटीओ प्रवर्तन सोमलता यादव, एआरटीओ प्रशासन प्रशान्त तिवारी एवं यातायात निरीक्षक विवेक सिंह द्वारा यात्रियों एवं आमजन को सड़क सुरक्षा नियमों, राहवीर योजना तथा सड़क दुर्घटना पीड़ितों के लिए कैशलेस उपचार योजना से संबंधित पम्पलेट वितरित किए गए।

जनजागरूकता के साथ-साथ परिवहन विभाग द्वारा प्रवर्तन अभियान भी चलाया गया, जिसके अंतर्गत मोटर यान अधिनियम के उल्लंघन पर कुल 77 वाहनों के विरुद्ध चालान व बंद की कार्यवाही की गई। यह अभियान रायपुर, गजनेर, रनिया, अकबरपुर, पुखरायां, भोगनीपुर एवं रूरा क्षेत्रों में संचालित किया गया।

कार्रवाई के दौरान बिना परमिट संचालित 01 स्कूल वाहन एवं 02 यात्री वाहन, बिना हेलमेट 28 वाहन, बिना वैध नंबर प्लेट 17 वाहन, बिना सीट बेल्ट 11 वाहन तथा अनधिकृत पार्किंग करने वाले 21 वाहनों पर विधिक कार्यवाही की गई।

प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया कि सड़क सुरक्षा को लेकर ऐसे जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान निरंतर जारी रहेंगे, जिससे दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और जनपद को सुरक्षित बनाया जा सके।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *