संवाददाता — कानपुर देहात
सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु दर को शून्य करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के संयुक्त प्रयासों से संचालित Zero Fatality District (ZFD) कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु जनपद कानपुर देहात में जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर दिनांक 24 जनवरी 2026 को आयोजित इस रैली को जिलाधिकारी श्री कपिल सिंह द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रैली कलेक्ट्रेट मुख्यालय से प्रारंभ होकर अकबरपुर चौराहा होते हुए बस स्टैंड अकबरपुर तक निकाली गई।
रैली में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, छात्र-छात्राओं, युवाओं एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान यातायात प्रभारी, पुलिस टीम तथा परिवहन विभाग के सहायक संभागीय अधिकारी भी सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।
प्रतिभागियों ने प्लेकार्ड एवं बैनर के माध्यम से हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, नशे में वाहन न चलाने, मोबाइल फोन का प्रयोग न करने एवं यातायात नियमों के पालन जैसे महत्वपूर्ण संदेश आमजन तक पहुंचाए।
अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान जिले में सुरक्षित यातायात संस्कृति विकसित करने एवं दुर्घटनाओं को न्यूनतम करने की दिशा में एक प्रभावी पहल है। प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा ऐसे जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे।
कानपुर देहात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की कि वे सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कर “Zero Fatality” के लक्ष्य को साकार करने में सहयोग करें।